मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी मामले में मौलाना अब्दुल सलीम हुआ गिरफ्तार

31 Mar 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath और उनकी मां पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में आरोपी मौलाना अब्दुल सलीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

 

पुलिस के अनुसार, बिहार निवासी मौलाना अब्दुल सलीम को स्पेशल टास्क फोर्स यानी एसटीएफ  ने बिहार से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को आरोपी को बहराइच लाया गया, जहां नगर कोतवाली में उससे पूछताछ की गई।

 

अधिकारियों ने बताया कि नगर कोतवाली में करीब 30 मिनट तक पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे जिला कारागार भेज दिया गया है।

 

कुछ दिन पहले मौलाना अब्दुल सलीम ने मुख्यमंत्री और उनकी मां को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी जिसकी वीडियो आग की तरह सोशल मीडिया पर वायरल हो गयी थी। जिसके बाद बहराइच सहित प्रदेश के कई जिलों में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए, जिससे मामला गंभीर हो गया।

 

इस प्रकरण में विश्व हिन्दू परिषद् के विधि प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने 8 मार्च को नगर कोतवाली में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस और एसटीएफ की टीम आरोपी की तलाश में सक्रिय हो गई थी। एएसपी नगर अशोक सिंह ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।