>बहराइच के चर्चित रामगोपाल मिश्रा हत्याकांड में जिला अदालत ने गुरुवार को अपना निर्णय सुनाते हुए मुख्य आरोपी सरफराज को फांसी और नौ अन्य दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। यह मामला पिछले वर्ष दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई हिंसा से जुड़ा है।
>13 अक्टूबर 2024 को हरदी थाना क्षेत्र के महाराजगंज कस्बे में प्रतिमा विसर्जन के दौरान रामगोपाल मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। मामले की जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने 11 जनवरी 2025 को अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया। कुल 12 गवाहों ने कोर्ट में बयान दर्ज कराए।
>प्रथम अपर जिला जज की अदालत ने मुख्य आरोपी सरफराज को मौत की सजा, जबकि अब्दुल हमीद, फहीम, तालिब, सैफ, जावेद खान, जिशान, ननकऊ, शोएब, मारुफ अली सहित नौ दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई। तीन आरोपियों शकील अहमद, बबलू अफजल उर्फ कल्लू और खुर्शीद को दोषमुक्त किया गया।
>