बलिया में पुलिस टीम पर पथराव, आरोपी को हिरासत में लेने गई थी पुलिस; 2 जवान घायल

13 May 2026

 

बलिया जिले के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में आरोपी को हिरासत में लेने पहुंची पुलिस टीम पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया। भीड़ ने पुलिसकर्मियों और पीआरबी वाहन पर ईंट-पत्थर बरसाए, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए जबकि एक सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

 

जानकारी के अनुसार चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के नगपुरा पश्चिम टोला निवासी धर्मेंद्र कुमार के साथ गांव के ही रहने वाले मिंटू नामक युवक ने कथित रूप से मारपीट की थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी मिंटू को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

 

सूचना मिलने पर नगपुरा चौकी इंचार्ज और पीआरबी टीम मौके पर पहुंची। बाद में रसड़ा के प्रभारी निरीक्षक और फेफना थानाध्यक्ष भी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने आरोपी मिंटू को स्थानीय लोगों के कब्जे से लेकर हिरासत में लिया और उसे वाहन में बैठाकर थाने ले जाने लगी।

 

इसी दौरान मौके पर मौजूद भीड़ उग्र हो गई और आरोपी को पुलिस से अपने हवाले करने की मांग करने लगी। पुलिस द्वारा आरोपी को लेकर जाने का प्रयास किए जाने पर भीड़ ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कुछ लोगों ने पुलिस टीम तथा सरकारी वाहन पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।

 

पथराव में दो पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं, जबकि थाना चितबड़ागांव की सरकारी गाड़ी का पिछला शीशा टूट गया। घटना के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल बुलाया। मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 12 मई को पीआरबी 9097 के माध्यम से सूचना मिली थी कि नगपुरा पश्चिम टोला निवासी धर्मेंद्र कुमार के साथ मारपीट की गई है। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मिंटू को हिरासत में लिया गया।

 

उन्होंने बताया कि आरोपी को वाहन में बैठाए जाने के बाद कुछ महिला, पुरुष और युवक उग्र हो गए और आरोपी को अपने हवाले करने की मांग करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर शांतिपूर्ण वार्ता का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।