>मथुरा-वृंदावन के प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर में 4 नवंबर को हुई झड़प के मामले में अदालत के निर्देश पर दो पुलिसकर्मियों और चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ महिला थाना मथुरा में एफआईआर दर्ज की गई है।
>पुलिस के अनुसार दर्ज मामले में नामजद आरोपियों में आरक्षी जगवेंद्र और अजीत शामिल हैं, जबकि अन्य चार व्यक्तियों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शिकायत के मुताबिक पीड़िता छह लोगों के साथ मंदिर पहुंची थी, जहां आरोपियों ने कथित तौर पर नशे की हालत में अश्लील टिप्पणियां कीं और परेशान किया।
>एफआईआर में आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मियों ने उसे जबरन घसीटने की कोशिश की और विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उसके भाई घायल हुए और बीच-बचाव करने वालों को धमकाया गया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथी श्रद्धालुओं से 60,000 रुपये और कीमती सामान लूट लिया गया तथा उसके भाइयों के खिलाफ झूठा मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। उसने दावा किया कि इस घटना की पूर्व शिकायतों पर स्थानीय पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। घटना के बाद घायलों का इलाज सैन्य अस्पताल में कराया गया।