अधिकारियों को स्पष्ट संदेश, योजनाओं में लापरवाही और गौसंरक्षण में कमी पर होगी कार्रवाई

01 Aug 2026

बाराबंकी जिले में विकास परियोजनाओं की प्रगति, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री एवं कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी या गौसंरक्षण से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रगति का बिंदुवार आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए और योजनाओं के लाभ से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे।

बैठक के दौरान गौवंश संरक्षण की समीक्षा भी प्रमुख एजेंडा रहा। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी गौ आश्रय स्थलों पर चारा, भूसा, स्वच्छ पेयजल और पशुओं के उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नियमित निरीक्षण करने और किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

यह खबर भी पढ़े - कांवड़ियों के खाने-पीने पर सख्त निगरानी, बिना लाइसेंस चल रही मटन शॉप पर ताला

उन्होंने कहा कि गौ आश्रय स्थलों के संचालन में जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों पर भी चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से इन आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा।

उन्होंने उद्योग विभाग और खादी ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से स्थानीय स्तर पर अधिक रोजगार के अवसर सृजित करने पर भी जोर दिया, ताकि युवाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही आम लोगों को सीधे प्रभावित करती है, इसलिए नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रही परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क मरम्मत और पुनर्स्थापन कार्यों का सत्यापन कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे हो सकें।

बैठक में विद्युत विभाग को खराब ट्रांसफार्मरों को समय पर बदलने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

बैठक के दौरान बाल सेवा योजना, छात्रवृत्ति, विभिन्न पेंशन योजनाओं और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की भी विभागवार समीक्षा की गई। अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा को लेकर की गई कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुत की।

समीक्षा बैठक में एमएलसी अंगद सिंह, कुर्सी विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।