कागज़ से कंप्यूटर पर आया बाराबंकी का डाकघर- शुरू हुआ IT मॉडर्नाइजेशन 2.0

15 Jul 2025


>बाराबंकी - डाक विभाग की सेवाएं अब और अधिक तेज़, सुरक्षित और डिजिटल होंगी। 15 जुलाई 2025 को बाराबंकी डाक मण्डल में आईटी मॉडर्नाइजेशन 2.0 परियोजना का शुभारंभ हुआ। इस अत्याधुनिक परियोजना का उद्घाटन डाक अधीक्षक श्रीमती किरण सिंह ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।


>डिजिटल क्रांति की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। भारत सरकार के संचार मंत्री माननीय श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की विशेष सहभागिता और मार्गदर्शन इस परियोजना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण रही है। उत्तर प्रदेश सर्कल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल और मुख्यालय परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल के नेतृत्व में यह योजना प्रदेश भर में प्रभावशाली ढंग से लागू की जा रही है।


>IT मॉडर्नाइजेशन 2.0: सेवाओं में पारदर्शिता और तीव्रता का वादा


>इस परियोजना के तहत डाक विभाग की सभी सेवाओं को तकनीकी रूप से अपडेट किया गया है। अब इंटरफेस ज्यादा यूज़र फ्रेंडली और सहज बनाया गया है, जिससे न सिर्फ कर्मचारियों का काम आसान होगा, बल्कि आम नागरिकों को भी त्वरित, सुरक्षित और पारदर्शी सेवाएं मिल सकेंगी।


>पहले जहां सॉफ्टवेयर विकास थर्ड पार्टी द्वारा होता था, अब विभाग ने खुद ही इसे विकसित किया है, जिससे डेटा की सुरक्षा, कार्यकुशलता और विश्वसनीयता कई गुना बढ़ गई है। प्रक्रियाओं को आपस में जोड़कर दोहराव समाप्त किया गया है, जिससे काम में गति और सुविधा दोनों सुनिश्चित हो सकेंगी।


>तकनीकी परिवर्तन में छिपी टीम की मेहनत


>इस डिजिटल बदलाव के पीछे डाक विभाग की तकनीकी टीम, अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत और प्रतिबद्धता है, जिन्होंने दिन-रात काम कर इस परिवर्तन को धरातल पर साकार किया।


>डिजिटल इंडिया की दिशा में मज़बूत कदम


>IT मॉडर्नाइजेशन 2.0 न केवल डाक विभाग की छवि को निखारेगा, बल्कि यह डिजिटल इंडिया मिशन को भी एक नया आयाम देगा। यह पहल नागरिकों को डाक सेवाओं के प्रति नया भरोसा दिलाएगी और देश की डिजिटल बुनियाद को और मजबूत करेगी।