बाराबंकी में प्रेमी के घर आई विवाहित युवती की हत्या कर परिजन फरार

16 Dec 2025


>बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शहावपुर कस्बे में मंगलवार सुबह एक विवाहित युवती की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। मृतका गोरखपुर की रहने वाली बताई जा रही है, जो अपने विवाहित प्रेमी के घर आई थी।


>पुलिस के अनुसार, शहावपुर गांव निवासी कमलेश के पुत्र संदीप का विवाह करीब छह माह पूर्व शहर कोतवाली क्षेत्र की एक युवती से हुआ था। संदीप निजी क्षेत्र में इंजीनियर के पद पर कार्यरत है और वर्तमान में सीतापुर में तैनात है। वह बीते एक सप्ताह से गांव में रह रहा था। बताया गया कि संदीप का शादी से पहले गोरखपुर की एक युवती से प्रेम प्रसंग था, जबकि दोनों की शादी अलग-अलग स्थानों पर हो चुकी थी।


>सोमवार रात गोरखपुर निवासी युवती संदीप के घर पहुंची थी। मंगलवार सुबह करीब छह बजे संदीप के घर से बाहर जाने के बाद जब वह लौटा, तो युवती का खून से लथपथ शव कमरे में पड़ा मिला। शव के पास खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद हुई।


>सूचना मिलते ही मसौली थाना पुलिस, फील्ड यूनिट और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।  रामनगर क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत ने बताया कि घटना के बाद से संदीप के माता-पिता और उसकी चार बहनें फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। एसपी अर्पित विजयवर्गीय के अनुसार, मृतका की पहचान गोरखपुर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत संगमपुर चौराहा निवासी राजकिशोर की पुत्री के रूप में हुई है।