तेल कारोबारी का परिवार ऐसे हुआ गायब जैसे ग़ायब हो गया पूरा वजूद

15 Jul 2025


>बाराबंकी जिले के बहरौली गांव में एक रहस्यमय घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। सरसों तेल व्यापारी आजम और उनके परिवार के सात सदस्य संदिग्ध हालात में लापता हो गए हैं। मंगलवार सुबह जब पड़ोसियों और रिश्तेदारों को उनसे संपर्क नहीं हुआ तो मामला सामने आया, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

दरवाजे बंद, मोबाइल घर में… लेकिन परिवार गायब


>लापता व्यापारी आजम अपने घर के बाहर स्पेलर मशीन से सरसों का तेल निकालने का काम करते थे। उनके साथ पत्नी और पांच बच्चे भी लापता हैं। सुबह जब रिश्तेदारों ने संपर्क करने की कोशिश की, तो कोई जवाब नहीं मिला। घर पहुंचने पर पाया गया कि मुख्य दरवाजे अंदर से बंद थे, और दो मोबाइल फोन घर के अंदर ही पड़े मिले। इसके अलावा, परिवार का एक मालवाहक वाहन भी गायब है।

भारी कर्ज की आशंका, जांच में जुटी पुलिस


>प्रारंभिक जांच में पता चला है कि व्यापारी आजम भारी कर्ज के बोझ से परेशान था। इससे मामले की आत्महत्या, पलायन या अपहरण जैसी सभी संभावनाएं पुलिस जांच का हिस्सा बन गई हैं। थाना कुर्सी प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि पुलिस की टीमें हर पहलू से छानबीन कर रही हैं और परिवार की तलाश तेज़ी से जारी है।

गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म


>घटना को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं और अफवाहें फैल रही हैं। हालांकि परिजन और पुलिस फिलहाल किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंचे हैं। गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर पूरा परिवार कहां गायब हो गया।