बाराबंकी में टेस्ट ड्राइव के बहाने 7.50 लाख की XUV लूटी

25 Feb 2026

बाराबंकी के शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम कार लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई। चार बदमाशों ने ग्राहक बनकर कार बाजार से करीब 7.50 लाख रुपये कीमत की महिंद्रा एक्सयूवी टेस्ट ड्राइव के बहाने ले जाकर लूट ली।

 

जानकारी के अनुसार आरोपी कार खरीदने के इच्छुक ग्राहक बनकर बाजार पहुंचे और ट्रायल के नाम पर वाहन को हाईवे की ओर ले गए। कुछ दूरी पर उन्होंने साथ गए कर्मचारी से मारपीट की और उसे चलती गाड़ी से नीचे फेंक दिया। इसके बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गए।

 

घायल कर्मचारी ने तत्काल वाहन मालिक को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस को तहरीर दी गई और मामले में जांच शुरू की गई। पूरी घटना कार बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।

 

पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। आसपास के इलाकों में चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।