उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक 20 वर्षीय युवक का शव सोमवार दोपहर उसके घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है।
वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मामले की वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी। घटना रामनगर कोतवाली क्षेत्र के कटियारा गांव की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, कटियारा गांव निवासी कीढ़ी चौहान के चार बेटों में 20 वर्षीय जितेंद्र सबसे छोटा था। सोमवार सुबह परिवार के सदस्य धान की रोपाई की तैयारी में जुटे हुए थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे घर के अंदर पंखे के हुक से साड़ी के सहारे जितेंद्र का शव लटका हुआ मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता और अन्य परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लोग उनके बेटे को लंबे समय से जान से मारने की धमकी दे रहे थे। उनका कहना है कि प्रेम प्रसंग के शक को लेकर बेटे के साथ विवाद चल रहा था और उसी के चलते उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रामनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि युवक की मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। रिपोर्ट मिलने के बाद यदि किसी प्रकार के आपराधिक साक्ष्य सामने आते हैं तो उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस परिजनों के आरोपों और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।