बरेली हिंसा के एक हफ्ते बाद क्या है हालात डीएम ने जी जानकारी

04 Oct 2025


>बरेली में 26 सितंबर को हुई हिंसा के एक सप्ताह बाद अब हालात धीरे-धीरे सामान्य होते दिख रहे हैं। जिले में बीते शुक्रवार को जुमे की नमाज़ शांति एवं व्यवस्था के साथ संपन्न हुई। जिला मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह ने बताया कि पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी रखे हुए है और दंगाइयों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी है।


>डीएम ने कहा कि पिछले हफ्ते कुछ उपद्रवी शांति भंग करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए इसे केवल डेढ़ घंटे में नाकाम कर दिया। इसके बाद से ही पूरे जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।


>उन्होंने बताया कि जुमे की नमाज़ को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। सुपर जोन, ज़ोन और सेक्टरों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए, साथ ही ड्रोन कैमरों से निगरानी भी की गई। मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी नमाज़ के बाद शांति बनाए रखने की अपील की, जिसका असर स्पष्ट रूप से देखने को मिला।


>डीएम ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की और कहा कि जिले में शांति बनाए रखना केवल पुलिस का नहीं बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने आम लोगों से कहा कि वे ऐसे लोगों को बेनक़ाब करें जो समाज में अव्यवस्था फैलाने की कोशिश कर रहे हैं और अफवाहों में न फंसें।


>अविनाश सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि दंगाई किसी जाति या धर्म से नहीं जुड़े होते, उनका मकसद केवल समाज में तनाव फैलाना होता है। जिले में स्कूल, कॉलेज और दफ़्तर खुले हैं और लोग अपनी दैनिक दिनचर्या सामान्य रूप से कर रहे हैं।