बरसाना में लठामार होली का रंग, नंदगांव के हुरियारों पर बरसीं प्रेम की लाठियां

26 Feb 2026

राधा रानी की नगरी बरसाना में बुधवार को विश्व प्रसिद्ध लठामार होली के साथ ‘रंगोत्सव 2026’ का आयोजन हुआ। नंदगांव से आए हुरियारों पर बरसाना की हुरियारिनों ने पारंपरिक रीति से लाठियां बरसाईं। इस आयोजन को देखने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचे।

 

नंदगांव के हुरियारों के बरसाना पहुंचने पर प्रिया कुंड पर उनका स्वागत किया गया। परंपरा के अनुसार उन्हें दामाद के रूप में मानकर मिठाई, पकोड़े, ठंडाई और भांग परोसी गई। इसके बाद हुरियारों ने ब्रह्मांचल पर्वत स्थित श्री लाडली किशोरी मंदिर में पहुंचकर होली खेलने की अनुमति ली। आयोजन के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की गई।

 

शाम को रंगीली गली में ढोल-नगाड़ों और ब्रज रसिया गीतों के बीच लठामार होली खेली गई। महिलाएं लाठियों से वार करती रहीं और पुरुष चमड़े की ढाल से बचाव करते दिखे। मान्यता है कि यह परंपरा लगभग 5000 वर्ष पुरानी है और द्वापर युग से जुड़ी है।

 

श्रद्धालु भारती ने कहा, “पहली बार ऐसी होली देखी, प्रेम और भक्ति का अनूठा संगम है।” श्रद्धालु स्वाति ने प्रशासनिक व्यवस्था की सराहना की। नंदबाबा मंदिर के मुख्य पुजारी मनीष गोस्वामी ने बताया कि यह परंपरा राधा-कृष्ण के प्रेम का प्रतीक है।

 

सुरक्षा के लिए 4500 से अधिक पुलिसकर्मी, पीएसी और एंटी रोमियो स्क्वायड तैनात रहे। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी की। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में रंगोत्सव 2026 का आयोजन पारंपरिक उत्साह और सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ।