>उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये की एमडीएमए ड्रग्स जब्त की है। इस ऑपरेशन में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी फरार है।
>एएनटीएफ लखनऊ/कानपुर यूनिट और भदोही पुलिस की संयुक्त टीम ने सुरियावां कोतवाली क्षेत्र के महजूदा गांव में एक घर पर छापा मारकर विजय कुमार दूबे को गिरफ्तार किया। भदोही के अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि एमडीएमए, जिसे आमतौर पर एक्स्टसी या मॉली कहा जाता है, एक अवैध सिंथेटिक ड्रग है जो मतिभ्रमकारी और उत्तेजक दोनों प्रभाव डालती है।
>पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के कब्जे से 1.010 किलोग्राम एमडीएमए के अलावा दो लैबोरेट्री रिएजेंट की कांच की बोतलें, दो इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीनें और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि ड्रग्स की बिक्री के लिए ‘गर्दा’ कोड वर्ड का इस्तेमाल किया जाता था। उसने यह भी बताया कि केमिकल्स लक्ष्मी नारायण ट्रेडिंग कंपनी के नाम से उन्नाव की एक फर्म से मंगाए जाते थे।
>इस मामले में अभियुक्त के विरुद्ध सुरियावां थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी प्रज्ज्वल मिश्रा उर्फ विक्की की तलाश जारी है।