>बिहार विद्यालय परीक्षा बोर्ड ने मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए अपनी वार्षिक मुफ्त कोचिंग योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार 30 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
>बोर्ड की इस पहल के तहत छात्रों को JEE और NEET की दो साल की तैयारी बिना किसी शुल्क के कराई जाएगी। योजना में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों को पहले एक लिखित परीक्षा देनी होगी, जिसके बाद चयनित उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया जाएगा। अंतिम मेरिट लिस्ट इंटरव्यू के बाद जारी की जाएगी।
>बोर्ड के अनुसार, यह योजना केवल उन विद्यार्थियों के लिए है जो 2026 में 10वीं की परीक्षा देने जा रहे हैं और 11वीं में बिहार बोर्ड से संबद्ध +2 स्कूलों में दाखिला लेना चाहते हैं। आवेदक BSEB, CBSE, ICSE सहित किसी भी बोर्ड से हो सकते हैं।
>कोचिंग दो मॉडल पर आधारित होगी पटना स्थित आवासीय सुपर 50 और राज्य के नौ प्रमंडलों में संचालित गैर-आवासीय केंद्र। प्रस्तावित प्रवेश परीक्षा 12 दिसंबर 2025 को आयोजित की जाएगी।
>आवेदन प्रक्रिया आधिकारिक पोर्टल coaching.biharboardonline.com/index पर चल रही है, जहां विद्यार्थी फॉर्म भरकर प्रिंटआउट सुरक्षित रख सकते हैं।