नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद झट से हुआ विभागों का बंटवारा

16 Dec 2025


>बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद उनके पास रहे विभागों का पुनर्वितरण कर दिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रिक्त हुए पथ निर्माण विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग की नई जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।


>नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद पथ निर्माण विभाग की जिम्मेदारी दिलीप जायसवाल को सौंपी गई है, जबकि नगर विकास एवं आवास विभाग उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा को दिया गया है। नितिन नबीन इन दोनों अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। विभागों का बंटवारा भारतीय जनता पार्टी के कोटे में ही किया गया है।


>इस बीच दिलीप जायसवाल, जो बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष थे, उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उस पद से हटाया गया। उनकी जगह दरभंगा सदर से विधायक संजय सरावगी को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।


>नितिन नबीन को 14 दिसंबर को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इसके बाद उन्होंने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में पदभार ग्रहण किया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की।


>केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में नितिन नबीन से मुलाकात की जानकारी देते हुए उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।