बिहार में सरकारी नौकरी की प्रक्रिया हुई तेज नीतीश कुमार ने दिया 31 दिसंबर तक अधियाचना भेजने का निर्देश

27 Nov 2025


>बिहार में नई सरकार के गठन के बाद सरकारी भर्ती प्रक्रिया को गति देने की पहल शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को सभी विभागों को निर्देश जारी करते हुए रिक्त पदों से संबंधित अधियाचना 31 दिसंबर 2025 तक सामान्य प्रशासन विभाग को उपलब्ध कराने को कहा है।


>मुख्यमंत्री द्वारा जारी आदेश के अनुसार राज्य के सभी प्रशासी विभाग, सभी प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस मुख्यालय के अधीन आने वाले कार्यालय और सभी जिलाधिकारी इस समयसीमा का पालन सुनिश्चित करेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग इन अधियाचनाओं की शीघ्र जांच कर उन्हें संबंधित नियुक्ति आयोगों को भेजेगा, जिससे भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।


>मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उनके मुताबिक, सात निश्चय-2 योजना के अंतर्गत वर्ष 2020-25 के दौरान 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराए गए। नई सरकार ने 2025-30 के लिए 1 करोड़ रोजगार का लक्ष्य तय किया है।