>उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें बलदेव विधानसभा क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी विधायक पूरन प्रकाश रेलवे इंजीनियर को खुलेआम धमकाते नजर आ रहे हैं। कटरा बाजार क्रॉसिंग बंद करने को लेकर हुए विवाद के दौरान विधायक ने इंजीनियर को “दाढ़ी नोचने” तक की धमकी दे डाली। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और अब विपक्षी दलों के साथ आम जनता भी विधायक पर कार्रवाई की मांग कर रही है।
>कैसे शुरू हुआ विवाद?
>मथुरा–कासगंज रेल रूट के विस्तार कार्य के तहत छोटे-छोटे मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन कटरा बाजार क्रॉसिंग बंद कर रहा था। जैसे ही रेलवे कर्मचारी इस क्रॉसिंग को बंद करने पहुंचे, स्थानीय व्यापारियों ने विरोध शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख विधायक पूरन प्रकाश मौके पर पहुंचे और आक्रोशित होकर रेलवे इंजीनियर को धमकाने लगे।
>प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विधायक ने इंजीनियर से अभद्र भाषा में बातचीत की और धमकी दी कि “दाढ़ी नोच लूंगा, पीछे हट जाओ।” मौके पर मौजूद रेलवे कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी पूरे समय चुपचाप विधायक की बातें सुनते रहे। इस दौरान विधायक बार-बार मर्यादाओं को लांघते रहे और काम रोकने के लिए दबाव डालते रहे।
>स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि कटरा बाजार क्रॉसिंग बंद होने से उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित होगा। उनका आरोप है कि रेलवे प्रशासन ने बिना ठोस वैकल्पिक व्यवस्था किए इस क्रॉसिंग को बंद करने की कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं रेलवे का कहना है कि यह निर्णय पूरी तरह लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है।
>वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। लोग विधायक के रवैये की निंदा कर रहे हैं और भाजपा नेतृत्व से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं विपक्ष इसे कानून-व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों के व्यवहार से जोड़कर सरकार को घेरने की कोशिश में है।