>डुमरियागंज से भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला है। गोंडा पहुंचे सांसद ने कहा कि कांग्रेस आज पूरी तरह मुद्दा विहीन हो चुकी है और अब उसका मुख्य उद्देश्य सिर्फ राजनीतिक अस्तित्व बचाना रह गया है। राहुल गांधी द्वारा रॉबर्ट वाड्रा को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पाल ने कहा, "मनी लॉन्ड्रिंग की जांच एजेंसियों के पास पुख्ता सबूत हैं, और वाड्रा कोर्ट से जमानत पर हैं, इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं।"
>“कांग्रेस सिर्फ बैशाखियों के सहारे टिकी है”
>बीजेपी नेता जगदंबिका पाल ने कांग्रेस-सपा और कांग्रेस-राजद गठजोड़ को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि, "उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी कांग्रेस की बैशाखी बनी हुई है और बिहार में राजद कांग्रेस को ढो रही है।" यह दिखाता है कि कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ने की स्थिति में नहीं रही और अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी साख बचाने की जद्दोजहद कर रही है।
>"बिहार में राहुल गांधी के पास कोई मुद्दा नहीं है"
>राहुल गांधी द्वारा बिहार चुनाव में मतदाता सूची को लेकर उठाए गए सवालों पर बीजेपी सांसद ने कहा, “बिहार में अभी चुनाव हुए ही नहीं हैं, लेकिन राहुल गांधी पहले से ही ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं। जब वो हारते हैं, तो हमेशा ईवीएम को दोष देते हैं। यह साफ संकेत है कि उनके पास कोई ठोस मुद्दा या जनसमर्थन नहीं बचा है।”
>उन्होंने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव और लालू यादव को भी यह एहसास हो गया है कि इस बार बिहार में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता की भी सराहना की।
>पटना गोलीकांड पर भी जताई प्रतिक्रिया
>बिहार की राजधानी पटना में हाल ही में हुई गोलीकांड की घटना पर बोलते हुए जगदंबिका पाल ने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहे हैं, और इस मामले में भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
>निजी दौरे पर आए थे सांसद
>यह टिप्पणी उन्होंने उस समय दी जब वे केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के पिता स्वर्गीय कुमार आनंद प्रताप सिंह की तेरहवीं में शामिल होने गोंडा पहुंचे थे।