>बरेली, 21 सितंबर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को बरेली दौरे के दौरान दिशा पाटनी फायरिंग केस पर सख्त रुख अपनाया और अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो मुख्य आरोपी एनकाउंटर में ढेर कर दिए गए, जबकि अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। डिप्टी CM ने साफ कहा कि प्रदेश में अपराध और अराजकता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
>ब्रजेश पाठक ने कहा, “पुलिस ने अपराधियों को उनके किए की सजा दी है। यूपी में अपराधियों को या तो जेल जाना होगा या प्रदेश छोड़ना होगा। योगी सरकार में अपराधियों पर कोई सहनशीलता नहीं है।”
>डिप्टी CM ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘कंफ्यूज्ड नेता’ बताते हुए कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि वे क्या करना चाहते हैं और कहां खड़े हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार में जंगलराज था और माफिया, गुंडे बेलगाम थे। वहीं, बीजेपी सरकार ने कानून का राज स्थापित किया और अपराधियों को या तो जेल में डाला या प्रदेश से भगाया।
>सुप्रसिद्ध बीजेपी युवा मोर्चा द्वारा आयोजित नमो युवा रन का शुभारंभ डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने हरी झंडी दिखाकर किया। पांच किलोमीटर लंबी मैराथन सुबह 6:30 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू होकर IVRI गेट तक गई और वापस स्टेडियम में समाप्त हुई। करीब 10 हजार बच्चों ने मैराथन में भाग लिया। विजेताओं को क्रमशः 5100, 3100 और 2100 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा तीन प्रतिभागियों को 1000-1000 रुपये प्रोत्साहन पुरस्कार दिए गए। सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट और प्रतिभाग प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
>डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में स्वास्थ्य और राष्ट्रभक्ति की भावना को बढ़ावा देते हैं और यही उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।