लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में खाना बनाते समय हुए रसोई गैस हादसे में गंभीर रूप से झुलसी बीएससी नर्सिंग की छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्रा अपनी पढ़ाई के सिलसिले में कुछ दिन पहले उन्नाव स्थित ससुराल से मायके आई थी। हादसे के बाद उसे गंभीर अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान 21 वर्षीय काजल विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वह बीएससी नर्सिंग तृतीय वर्ष की छात्रा थीं और चिनहट स्थित एक निजी नर्सिंग संस्थान से पढ़ाई कर रही थीं।
परिजनों के अनुसार काजल की शादी इसी वर्ष फरवरी में उन्नाव जिले के औरास क्षेत्र के मीठेपुर निवासी विश्वास विश्वकर्मा से हुई थी। उनके पति आभूषण व्यवसाय से जुड़े हैं। शादी के बाद भी काजल अपनी नर्सिंग की पढ़ाई जारी रखे हुए थीं। परीक्षा और पढ़ाई के कारण वह कुछ दिन पहले अपने मायके, चिनहट की गुलिस्तां कॉलोनी आई थीं। मृतका के भाई पवन ने बताया कि काजल बीएससी नर्सिंग तृतीय वर्ष की छात्रा थीं और नियमित रूप से अपनी पढ़ाई कर रही थीं।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर काजल रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर का पाइप निकल गया, जिससे गैस तेजी से फैल गई और देखते ही देखते रसोई में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि काजल संभलने का मौका नहीं मिला और वह उसकी चपेट में आ गईं।
काजल की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। परिवार ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक काजल गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं।
इसके बाद उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। कई दिनों तक इलाज के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।