चिराग त्यागी हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी, हथियार दिलाने में मदद करने वाला पैरा एथलीट गगन त्यागी पकड़ा गया

01 Jun 2026

 

गाजियाबाद के चर्चित पैरा एथलीट चिराग त्यागी हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पैरा एथलीट गगन त्यागी पर मुख्य आरोपी यश खटीक को हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति तक पहुंच बनाने में मदद करने का आरोप है। इससे पहले पुलिस मुख्य आरोपी यश खटीक को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में पुलिस अधिकारियों द्वारा विस्तृत जानकारी दिए जाने की तैयारी की गई है।

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि चैंपियन पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या की साजिश करीब छह महीने पहले रची गई थी। जांच के दौरान पता चला कि एक प्रतियोगिता में दस्तावेजों में कथित खामियों के कारण पैरालिंपिक कमेटी ऑफ इंडिया ने यश खटीक को अयोग्य घोषित कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, प्रतियोगिता के लिए यश के दस्तावेज चिराग त्यागी ने तैयार किए थे।

 

जांच में यह भी सामने आया कि यश को संदेह था कि उसके दस्तावेजों में जानबूझकर त्रुटियां छोड़ी गई थीं, जिसके कारण उसे प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा। बताया गया है कि 2 दिसंबर को उसे डिसक्वालीफिकेशन संबंधी ई-मेल प्राप्त हुआ था। इसके बाद से वह चिराग के प्रति रंजिश रखने लगा और हत्या की योजना बनाने लगा।

 

पुलिस के अनुसार, हाल ही में यश को जानकारी मिली थी कि खेल संस्था की ओर से चिराग त्यागी के बैंक खाते में 4.20 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। इसी बीच चिराग बेंगलुरु में आयोजित इंडियन ओपन इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप जीतकर लौटे थे और शनिवार को गाजियाबाद पहुंचे थे। इसी दौरान साईं उपवन क्षेत्र में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।

 

जांच में यह भी पता चला है कि चिराग अपने बैंक खाते के संचालन में यश की मदद लेते थे। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद यश अपने घर मुरादनगर पहुंचा और वहां स्थित इंडियन बैंक शाखा से चिराग के खाते से 3.20 लाख रुपये निकाल लिए। इसके अलावा हत्या से एक दिन पहले भी एक लाख रुपये निकाले जाने की बात सामने आई है।

 

पूछताछ में यश ने पुलिस को बताया कि वह चिराग को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से कैब के जरिए गाजियाबाद लेकर आया था। पहले वह महामाया स्टेडियम पहुंचा और बाद में 50 हजार रुपये देने का बहाना बनाकर चिराग को साईं उपवन ले गया। आरोप है कि वहां उसने पीछे से चिराग पर दो गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौत हो गई।

 

रविवार को चिराग त्यागी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम से पहले किए गए एक्स-रे में उनके शरीर में दो गोलियां मिलने की पुष्टि हुई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा यश ने वारदात से करीब चार दिन पहले खरीदा था। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति तक पहुंचने में एक अन्य पैरा एथलीट ने सहायता की थी। इसी कड़ी में गगन त्यागी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों और साजिश के पहलुओं की भी जांच कर रही है।