लखनऊ के राम मनोहर लोहिया में बोले सीएम योगी - मजबूत न्याय, सशक्त शासन

02 Nov 2025


>मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “न्याय व्यवस्था जितनी मजबूत होगी, सुशासन के लक्ष्य उतने ही सरल होंगे।” रविवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, लखनऊ के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में सीएम योगी ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक सशक्त न्यायिक प्रणाली ही अच्छे शासन की रीढ़ है। उन्होंने ‘सत्यं वद्, धर्मं चर’ के मूलमंत्र को भारत की न्याय परंपरा का आधार बताते हुए कहा कि यही विचार आज के लोकतांत्रिक भारत की आत्मा है।


>मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धर्म हमारे जीवन की आचार संहिता है और आस्था का विषय नहीं। धर्म का अर्थ है अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल का रामराज्य न्यायपूर्ण और भेदभाव-रहित शासन का प्रतीक था, जिसे आज सुशासन के रूप में लागू किया जा सकता है। सीएम ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की सफलता के लिए न्यायिक संस्थाएं मजबूत होनी चाहिए। जब न्याय प्रणाली पारदर्शी होती है, तो जनता का विश्वास शासन में स्वतः बढ़ता है।


>मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ई-कोर्ट प्रणाली, वैकल्पिक विवाद निपटान, साइबर लॉ प्रशिक्षण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग से न्याय व्यवस्था को आधुनिक बना रही है। उन्होंने कहा कि 10 जिलों में इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स बनाए जा रहे हैं, जहां एक ही परिसर में सभी स्तरों की अदालतें, अधिवक्ता कक्ष और आवासीय सुविधाएं होंगी। इसके साथ ही 380 से अधिक फास्ट ट्रैक और पॉक्सो कोर्ट स्थापित किए गए हैं, ताकि महिला और बाल अपराधों का त्वरित निस्तारण हो सके।


>सीएम योगी ने कहा कि न्याय तभी जीवंत होता है जब बेंच और बार के बीच बेहतर तालमेल हो। उन्होंने कहा कि बेंच विवेक का प्रतीक है, जबकि बार संवेदना का। जब विवेक और संवेदना मिलते हैं, तभी न्याय का सच्चा स्वरूप साकार होता है। उन्होंने यह भी बताया कि ई-कोर्ट, ई-पुलिसिंग, ई-प्रॉसिक्यूशन और ई-फॉरेंसिक को एकीकृत करने का कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे न्यायिक प्रक्रिया और पारदर्शी होगी।


>सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की हर रेंज में विधि विज्ञान प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। राज्य फॉरेंसिक संस्थान युवाओं को आधुनिक न्यायिक जांच प्रशिक्षण दे रहा है। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय अब अपने उत्कृष्ट बुनियादी ढांचे के लिए देशभर में मिसाल बन चुका है।


>दीक्षांत समारोह में सीएम योगी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मेडल और प्रमाण पत्र दिए। एलएलएम वर्ग में हर्षिता यादव (गोल्ड), आकृति श्रीवास्तव (सिल्वर), और ऋषभ (ब्रॉन्ज) को सम्मानित किया गया। वहीं बीए-एलएलबी वर्ग में अभ्युदय प्रताप (गोल्ड), साइमा खान (सिल्वर), और दर्शिका पांडेय (ब्रॉन्ज) को मेडल मिला। ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ का खिताब दर्शिका पांडेय ने अपने नाम किया।