'इलाज के लिए पैसे नहीं हैं?' जनता दर्शन में CM योगी ने दिया यह भरोसा, आवास पर भी कही बड़ी बात

27 Jun 2026

अगर किसी जरूरतमंद के सामने सबसे बड़ी चिंता इलाज के खर्च की है या उसके पास रहने के लिए अपना घर नहीं है, तो ऐसी समस्याओं को लेकर शनिवार को गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महत्वपूर्ण आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि धन के अभाव में किसी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा और पात्र लोगों को सरकारी योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सरकार करेगी।

मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में लगातार दूसरे दिन आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 लोगों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याएं स्वयं सुनीं, उनके प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि केवल धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा।

यह खबर भी पढ़े - देवरिया को ₹456 करोड़ से ज्यादा की सौगात, विकास परियोजनाओं के बीच सीएम योगी ने 2027 का भी दिया बड़ा संदेश

इसी दौरान दिल्ली स्थित एम्स में इलाज करा रही एक महिला ने आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने उसे मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं एक अन्य महिला की स्वास्थ्य संबंधी समस्या सुनने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि उसके इलाज की व्यवस्था गोरखपुर एम्स या बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कराई जाए।

जनता दर्शन में पहुंची एक महिला ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसके पास रहने के लिए अपना मकान नहीं है। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पात्रता के अनुसार उसे सरकार की आवास योजना का लाभ दिलाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पात्र और जरूरतमंद लोगों तक सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।

यह खबर भी पढ़े - EXCLUSIVE | लखनऊ STF एनकाउंटर में खत्म हुआ 'एक लाख का इनामी' संजीव: संदीप सिंह हत्याकांड से लेकर 15 साल के अपराध सफर तक, पढ़िए पूरी इनसाइड स्टोरी

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने एक-एक व्यक्ति से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी मामलों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से किया जाए तथा जन समस्याओं के समाधान में पूरी संवेदनशीलता बरती जाए।

जनता दर्शन के दौरान कुछ लोगों ने जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। इस पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में शिकायतों की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

यह खबर भी पढ़े - "सड़क नहीं बनेगी तो नीचे नहीं उतरूंगा"—लखनऊ में पानी की टंकी पर चढ़ा युवक

जनता दर्शन में कई परिवार अपने बच्चों के साथ पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत की, उन्हें चॉकलेट दी और पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें ताकि उनकी शिक्षा प्रभावित न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करें ताकि शिकायतों का समाधान समय पर हो सके।