मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और कार्रवाई पूरी होने के बाद शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसकी संतुष्टि भी प्राप्त की जाए।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याओं को लेकर निश्चिंत रहें और प्रत्येक मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जनता दर्शन में बरेली से पहुंची एक महिला ने कैंसर के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने महिला से अस्पताल का एस्टिमेट उपलब्ध कराने को कहा। जब महिला तत्काल दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकीं, तब मुख्यमंत्री ने उन्हें अस्पताल से एस्टिमेट मंगवाने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला के इलाज की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने महिला से कहा कि वह अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें, जबकि उपचार से जुड़ी आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
जनता दर्शन में विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर भी शिकायतें सामने आईं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान के बाद संबंधित फरियादी से संपर्क कर यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उसे समाधान से संतुष्टि है।
जनता दर्शन के दौरान राजस्व विभाग से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रखी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व मामलों में अनावश्यक देरी का सबसे अधिक असर आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों पर पड़ता है। इसलिए संबंधित अधिकारी नियमित रूप से न्यायालय में बैठकर लंबित प्रकरणों पर शीघ्र निर्णय लें, ताकि वादकारियों को समय पर राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक मामले में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ शिकायतकर्ता को भी कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने पर बल दिया।