>बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण से पहले प्रचार अभियान तेज़ हो गया है। रविवार को सुपौल में हुई चुनावी सभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनडीए की वापसी का दावा किया और विपक्ष पर तीखा प्रहार किया।
>बिहार में दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 11 नवंबर 2025 को होना है। सीएम योगी आदित्यनाथ इन दिनों बिहार में लगातार रैलियां कर एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में वोटरों को साधने में जुटे हैं। सभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा 14 नवंबर को जब ईवीएम खुलेगी, तो सिर्फ छातापुर ही नहीं, पूरे बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी।
>योगी आदित्यनाथ ने भाषण में बिहार की गौरवशाली विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार ने देश को महावीर स्वामी, प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, जननायक कर्पूरी ठाकुर समेत अनेक महान हस्तियां दी हैं उन्होंने यह भी कहा कि बिहार भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा का केंद्र रहा है, जिसने आर्यभट्ट और चाणक्य जैसे महान विचारकों को जन्म दिया।
>योगी ने कहा कि बिहार अपनी महानता के बावजूद पिछड़ा क्योंकि बिहार को जंगलराज के रूप में पहचान दिलाने के लिए कांग्रेस और आरजेडी जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुराने शासनकाल में अराजकता और गुंडागर्दी बढ़ी, जातीय विभाजन ने युवाओं को प्रभावित किया, शिक्षा व्यवस्था कमजोर हुई, राज्य “बीमारू” की श्रेणी में चला गया योगी ने कहा कि नालंदा की धरती को फिर से ज्ञान और प्रगति के केंद्र में लाना होगा।