दिल्ली की 49 अनियमित कॉलोनियों के लिए बड़ी तैयारी, सड़क और जल निकासी सुधार के लिए जारी हुए टेंडर

08 Jul 2026

राजधानी की अनियमित कॉलोनियों में लंबे समय से बनी सड़क, जलभराव और गंदे पानी की निकासी की समस्याओं को दूर करने की दिशा में दिल्ली सरकार ने 49 स्थानों पर सड़क, नाले और नालियों के निर्माण एवं सुधार कार्यों के लिए टेंडर जारी किए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद मानसून समाप्त होने पर निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

यह खबर भी पढ़े - आईबी अफसर अंकित शर्मा हत्याकांड में 13 जुलाई को आएगा फैसला, ताहिर हुसैन समेत 11 आरोपियों पर टिकी नजरें

इन परियोजनाओं में पालम, द्वारका, मंडावली, छतरपुर सहित कई विधानसभा क्षेत्रों की अनियमित कॉलोनियां शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य इन क्षेत्रों में बुनियादी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करना है।

अनियमित कॉलोनियों में वर्षों से टूटी और संकरी सड़कें, बरसात के दौरान जलभराव तथा नालों-नालियों की जर्जर स्थिति स्थानीय लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। कई इलाकों में गंदा पानी सड़कों पर जमा रहने से आवागमन प्रभावित होता है, वहीं मच्छरों का प्रकोप और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ जाते हैं।

सरकार के अनुसार, प्रस्तावित कार्य पूरे होने के बाद वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या कम होने, जल निकासी व्यवस्था में सुधार आने और स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क संपर्क मिलने की उम्मीद है। इससे दैनिक आवागमन के साथ स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी सुविधा मिलने की संभावना है।