दिल्ली–देहरादून हाईवे पर कथित रूप से भड़काऊ शब्द लिखकर धार्मिक उन्माद फैलाने की आशंका के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई सहारनपुर के बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में की गई।
पुलिस के अनुसार हाईवे किनारे “यह मुसलमानों के लिए सड़क नहीं है” जैसे आपत्तिजनक शब्द लिखे पाए गए थे, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में इसे माहौल बिगाड़ने की कोशिश माना गया।
जांच के दौरान पुलिस ने सुलेखा (निवासी चंद्र नगर, देहरादून), शारदा (मूल निवासी भूपखेड़ी मुजाहिदपुर, मुजफ्फरनगर, वर्तमान निवासी सुभाषनगर, देहरादून) और जितेंद्र राघव (निवासी मानव केंद्र, सुभाषनगर, देहरादून) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार की गई दोनों महिलाएं एक संगठन से जुड़ी बताई जा रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करने और फसाद की आशंका को देखते हुए कार्रवाई की गई है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार का तनाव न फैले। बिहारीगढ़ थाना पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।