नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी डॉक्टर मनीष गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से खून से सना क्रिकेट बैट और एक धारदार हथियार भी बरामद किया गया है। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी डॉक्टर अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रहा था। हालांकि हत्या के पीछे की वजह का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 45 वर्षीय मीना के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 10 वर्षों से आरोपी डॉक्टर की क्लीनिक में घरेलू सहायिका के तौर पर काम कर रही थी। घटना दक्षिण-पूर्वी जिले के माउंट कैलाश स्थित ए-69 परिसर में हुई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी डॉ. मनीष गुप्ता ने पहले महिला के सिर पर क्रिकेट बैट से हमला किया। इसके बाद धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गुरुवार सुबह 11:36 बजे अमर कॉलोनी थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। सूचना देने वाले व्यक्ति ने बताया कि माउंट कैलाश इलाके में एक इमारत की छत पर एक महिला खून से लथपथ पड़ी हुई है और उसकी हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां एक महिला का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान बाद में मीना के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार शुरुआती पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि आरोपी डॉक्टर डिप्रेशन का मरीज है। हालांकि जांच एजेंसियां हत्या के कारणों और अन्य परिस्थितियों की पड़ताल कर रही हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।