>राजधानी दिल्ली के द्वारका सेक्टर-13 स्थित शबद अपार्टमेंट में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से एक पिता और उनके दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। आग इमारत की टॉप फ्लोर पर बने फ्लैट में लगी थी। दहशत में आकर तीनों ने जान बचाने के लिए फ्लैट से छलांग लगा दी, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
>सुबह 10:01 बजे मिला था कॉल, 8 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं
>दिल्ली फायर सर्विस को सुबह 10:01 बजे आग की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत आठ दमकल गाड़ियाँ घटनास्थल की ओर रवाना की गईं। आग शबद अपार्टमेंट की टॉप फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में लगी थी, जो एमआरवी स्कूल के पास स्थित है।
>वीडियो में दिखी तबाही की तस्वीरें
>घटना के दृश्य अत्यंत भयावह थे। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आग की लपटें फ्लैट की खिड़कियों से बाहर निकल रही थीं और काले धुएं का विशाल गुबार आसमान में फैलता जा रहा था। कुछ मंज़िल नीचे के निवासी बालकनी में आकर हालात का जायज़ा लेते दिखे।
>आग के कारणों का नहीं चल सका पता, जांच जारी
>दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है, लेकिन अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान और उम्र के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
>दिल्ली में लगातार सामने आ रहे अग्निकांड
>दिल्ली में बीते कुछ दिनों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं।
-
25 मई को शाहदरा के मोतीराम रोड स्थित एक ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन पर आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य घायल हुए थे।
-
18 मई को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में एक ही दिन में कई जगहों पर आग लगी थी — ओल्ड राजेंद्र नगर में एक कोचिंग सेंटर की लाइब्रेरी, पश्चिम विहार के एक होटल, गणेश नगर और सरोजिनी नगर मार्केट में दुकानों में आग लगने की घटनाएं शामिल थीं।
>
>जरूरत है फायर सेफ्टी को लेकर कड़े कदमों की
>लगातार हो रही इन घटनाओं से यह स्पष्ट है कि दिल्ली जैसे महानगर में आग से सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंतन की आवश्यकता है। बिल्डिंगों में फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और आग से निपटने की तैयारी में अभी भी भारी खामियां हैं।