दिल्ली में कार से जा रही थी 850 क्वार्टर अवैध शराब, पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को दबोचा

28 Jun 2026

दिल्ली में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पूर्वी जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की एएसबी सेल ने त्रिलोकपुरी इलाके में कार्रवाई करते हुए हरियाणा निर्मित अवैध शराब की 850 क्वार्टर बोतलों से भरी एक सैंट्रो कार को जब्त किया है। मामले में 21 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस अब इस अवैध शराब सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान त्रिलोकपुरी निवासी रिकी (21) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।

यह खबर भी पढ़े - दिल्ली में ड्रग्स के काले कारोबार का बड़ा खुलासा, चार सगे भाई-बहनों से नकदी, जेवर और 11 फ्लैटों के दस्तावेज बरामद

पूर्वी जिला पुलिस के अनुसार एएसबी सेल पिछले कुछ समय से अवैध शराब के भंडारण और आपूर्ति से जुड़े मामलों पर लगातार निगरानी रख रही थी। इसी दौरान पुलिस को 26 जून को सूचना मिली कि एक सैंट्रो कार के जरिए हरियाणा से लाई गई अवैध शराब दिल्ली में सप्लाई की जा रही है।

सूचना मिलने के बाद एएसबी सेल की टीम ने त्रिलोकपुरी इलाके में जाल बिछाया। पुलिस ने संदिग्ध सैंट्रो कार को रोककर उसकी तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।

तलाशी के दौरान पुलिस को कार से कुल 17 कार्टन मिले। प्रत्येक कार्टन में 50-50 क्वार्टर बोतलें रखी गई थीं। इस तरह वाहन से कुल 850 क्वार्टर हरियाणा निर्मित 'संतरा' ब्रांड की अवैध शराब बरामद की गई। कार को भी जब्त कर लिया गया है क्योंकि उसका इस्तेमाल कथित रूप से अवैध शराब के परिवहन में किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार पूरी कार्रवाई एएसबी सेल के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर अजय तोमर के नेतृत्व में गठित टीम ने की। टीम में हेड कांस्टेबल शैलेंद्र, हेड कांस्टेबल मनेंद्र और कांस्टेबल अनंतपाल शामिल थे। कार्रवाई की निगरानी एसीपी (ऑपरेशंस) पवन कुमार द्वारा की गई।

पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे दिल्ली में किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था। इसके अलावा पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या किसी बड़े अवैध शराब गिरोह का हिस्सा था।