दिल्ली में पहली बार सफल हुआ हॉट एयर बैलून ट्रायल | अगले हफ्ते शुरू हो सकती है सेवा

26 Nov 2025


>दिल्ली में मनोरंजन और टूरिज़्म को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पहली बार हॉट एयर बैलून का ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा किया गया। राजधानी के बांसेरा पार्क में हुए इस ट्रायल को उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने स्थल पर जाकर मॉनिटर किया। अधिकारियों के अनुसार सेवा को अगले सप्ताह तक आम जनता के लिए शुरू किया जा सकता है।


>दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और अन्य एजेंसियों की देखरेख में हुए इस ट्रायल में हॉट एयर बैलून को करीब 100 फीट की ऊंचाई तक उड़ाया गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने फिलहाल बैलून को अधिकतम 200 फीट तक उड़ान की अनुमति दी है। प्रारंभिक चरण में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 100 से 150 फीट तक की उड़ानों को अपनाया जाएगा।


>डीडीए के अधिकारियों ने बताया कि यदि संचालन से जुड़े सभी पहलू तय मानकों के अनुरूप रहे, तो यह सेवा एक सप्ताह के भीतर आम लोगों के लिए खोली जाएगी। यह सुविधा दिल्ली के चार प्रमुख स्थानों आसिता ईस्टर्न वॉटर्शेड, यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बांसेरा पार्क और कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज पर शुरू करने की योजना है।


>हॉट एयर बैलून राइड की अनुमानित कीमत करीब 3,500 रुपये रखी जा सकती है। प्रत्येक बैलून में एक समय में चार लोग सवार हो सकेंगे और हर राइड लगभग 7 से 12 मिनट तक चलेगी।


>ट्रायल के दौरान उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा, “यह कदम दिल्लीवासियों को नए और रोमांचक मनोरंजन विकल्प उपलब्ध कराने के वादे को पूरा करता है। डीडीए द्वारा विकसित बड़े पार्क अब सिर्फ घूमने की जगह ही नहीं, बल्कि एडवेंचर गतिविधियों का केंद्र भी बनेंगे।”


>अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली में इस तरह की गतिविधि पहली बार शुरू होने जा रही है। पहले राजस्थान, लोनावाला और गोवा जैसे पर्यटन स्थलों पर हॉट एयर बैलून राइड लोकप्रिय रही है। प्रशासन के अनुसार, नई सुविधा से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।


>प्रशासन का अनुमान है कि मौसम अनुकूल रहने और सुरक्षा से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी होने पर यह सेवा शनिवार तक शुरू की जा सकती है। सफल ट्रायल के बाद दिल्ली में हॉट एयर बैलून गतिविधि को मनोरंजन और पर्यटन के नए विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।