जांच अधिकारी से सिपाही तक सब महिलाएं, दिल्ली में शुरू हुआ पहला महिला पुलिस स्टेशन

19 Jun 2026

 

राजधानी दिल्ली को अपना पहला पूर्णकालिक महिला पुलिस स्टेशन मिल गया है। उत्तर दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में शुक्रवार को इस विशेष पुलिस स्टेशन का उद्घाटन किया गया। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा की मौजूदगी में इसका उद्घाटन किया।

 

इस पुलिस स्टेशन की खास बात यह है कि यहां जांच अधिकारी से लेकर सहायक स्टाफ और अन्य सभी पदों पर केवल महिला कर्मी तैनात होंगी। दिल्ली पुलिस का यह कदम महिलाओं से जुड़े मामलों के त्वरित और संवेदनशील निपटारे की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

 

उद्घाटन समारोह के दौरान उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि शनिवार से राजधानी के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी 'जन सुनवाई' कार्यक्रम के तहत लोगों की शिकायतें सुनेंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों और पुलिस के बीच संवाद को मजबूत करना तथा शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

 

दिल्ली का यह पहला ऐसा पुलिस स्टेशन है, जहां सभी जिम्मेदारियां महिला कर्मियों के हाथ में होंगी। जांच अधिकारी, सहायक स्टाफ और अन्य पदों पर केवल महिलाओं की नियुक्ति की गई है। इस पुलिस स्टेशन में महिलाओं के खिलाफ होने वाले गंभीर अपराधों जैसे घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, स्टॉकिंग और हमले से जुड़े मामलों की रोकथाम, जांच और निपटारे पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पुलिस स्टेशन में केवल अपराध संबंधी मामलों की जांच ही नहीं होगी, बल्कि महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। इसके अलावा यहां काउंसलिंग सत्र और सामुदायिक पहुंच कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि महिलाओं को कानूनी सहायता और जरूरी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराई जा सके।

 

उपराज्यपाल ने कहा कि राजधानी में महिलाओं की समस्याओं के समाधान और उन्हें त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई इस पहल का विस्तार भविष्य में अन्य जिलों तक भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दिल्ली के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के महिला पुलिस स्टेशन स्थापित किए जा सकते हैं।