17 साल की किशोरी 3 दिन तक रही लापता, दिल्ली पुलिस ने पॉक्सो केस में युवक को दबोचा, पीड़िता सकुशल बरामद

05 Jul 2026

पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण और पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामले में 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच तकनीकी निगरानी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आगे बढ़ाई गई, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।

पुलिस के मुताबिक, 23 जून को गोकलपुरी थाने में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी 17 वर्षीय बेटी 20 जून से घर से लापता है। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस से संपर्क किया।

शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी बेटी का अपहरण कर लिया है। शिकायत के आधार पर गोकलपुरी थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गोकलपुरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उमेद सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम में एएसआई पूनम, हेड कॉन्स्टेबल अनुज, रोहित, नरेश और कॉन्स्टेबल परवीन को शामिल किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं का विश्लेषण किया। लगातार तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

जांच के आधार पर पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर निवासी 22 वर्षीय करण को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस ने लापता किशोरी को भी सुरक्षित बरामद कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने मामले में अपहरण के साथ-साथ लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण  अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की है। बरामद किशोरी से निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत बयान दर्ज कराए जा रहे हैं और मामले की आगे की जांच जारी है।