सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे ने मंगलवार और बुधवार को भी विशेष अनारक्षित ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों का संचालन हरिद्वार और दिल्ली शाहदरा तथा पुरानी दिल्ली के बीच किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हरिद्वार जाने वाली नियमित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिल सके।
04386/04385 नंबर की हरिद्वार-दिल्ली शाहदरा स्पेशल ट्रेन मंगलवार और बुधवार को दोपहर 12 बजे हरिद्वार से रवाना होगी और शाम 4:40 बजे दिल्ली शाहदरा जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन शाम 6:15 बजे दिल्ली शाहदरा से चलकर रात 11:55 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा हाल्ट:
- रूड़की
- सहारनपुर
- तपरी
- शामली
- बड़ौत
- बागपत रोड
- नोली
- दिल्ली शाहदरा जंक्शन
रेलवे की ओर से चलाई जा रही दोनों विशेष ट्रेनों में केवल जनरल कोच लगाए जाएंगे। ऐसे में यात्री सामान्य टिकट लेकर इन ट्रेनों में सफर कर सकेंगे।