दिल्ली में हेड कांस्टेबल पर हत्या का आरोप, नशे में डिलीवरी बॉय को मारी गोली

26 Apr 2026

दिल्ली के जाफरपुर कलां इलाके में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात एक हेड कांस्टेबल पर कथित रूप से नशे की हालत में एक डिलीवरी बॉय को गोली मारने का आरोप है। घटना में डिलीवरी बॉय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी पुलिसकर्मी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

 

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 2:30 बजे जाफरपुर कलां के रावता गांव में हुई। यहां एक दो वर्षीय बच्चे के जन्मदिन की पार्टी आयोजित थी। केक काटने के बाद कुछ लोग घर के बाहर मुख्य सड़क पर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान आरोपित हेड कांस्टेबल नीरज अपने घर से बाहर आया और कथित रूप से शोर-शराबे का विरोध किया। इस दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि नीरज ने अचानक पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी।

 

फायरिंग में पांडव कुमार नामक युवक के सीने में गोली लगी, जो आर-पार हो गई और उसके पीछे बैठे कृष्ण के पेट में जा लगी। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांडव कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि कृष्ण का इलाज जारी है। मृतक पांडव कुमार बिंदापुर क्षेत्र का निवासी था और एक डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत था। घायल कृष्ण भी उसी इलाके का रहने वाला बताया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, आरोपी हेड कांस्टेबल नीरज घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी हरियाणा के रोहतक जिले के मेहम क्षेत्र के बहु अकबरपुर गांव का रहने वाला है और पिछले करीब 15 वर्षों से रावता गांव में अकेला रह रहा था। प्राथमिक जांच में आरोपी के नशे में होने की बात भी सामने आई है।द्वारका के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।