नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के जसोला इलाके में शनिवार को एक जर्जर इमारत को गिराने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। इमारत की आखिरी दीवार ढहने से चार मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे में 24 वर्षीय मजदूर की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। पुलिस ने मामले में ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है और भवन मालिक की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना सरिता विहार थाना क्षेत्र के जसोला स्थित प्लॉट संख्या-149, पॉकेट-ए में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी और जर्जर इमारत को तोड़ने का कार्य अंतिम चरण में था। इसी दौरान आखिरी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और वहां काम कर रहे चार मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
हादसे में 24 वर्षीय विजय की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य घायल मजदूरों को उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि एक मजदूर सुरक्षित बच गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अपराध शाखा की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जामिया नगर निवासी ठेकेदार शमशुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, भवन मालिक खुर्शीद की तलाश की जा रही है। जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि इमारत को गिराने के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं। यदि सुरक्षा नियमों में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, जांच का एक प्रमुख बिंदु यह भी रहेगा कि मजदूरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे या नहीं। निर्माण और ध्वस्तीकरण कार्यों के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन हुआ था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।