दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित लेमन ग्रीन नामक रेस्टोरेंट में बुधवार सुबह लगी भीषण आग में 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा को सुबह 9:45 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल विभाग और प्रशासन की कई टीमें मौके पर पहुंचीं।
अधिकारियों के अनुसार, बेसमेंट समेत पूरी इमारत से करीब 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कई घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, इमारत में फंसे अन्य लोगों की तलाश और बचाव अभियान जारी है।
कैसे फैली आग?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग रेस्टोरेंट परिसर से शुरू हुई और कुछ ही समय में इमारत के अन्य हिस्सों में फैल गई। आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक रूप से पता नहीं चल पाया है। डीडीएमए साउथ डिस्ट्रिक्ट के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत और बचाव तंत्र को सक्रिय कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि इमारत के निचले हिस्से में होटल या रेस्टोरेंट संचालित किया जा रहा था और शुरुआती स्तर पर माना जा रहा है कि आग उसी हिस्से से फैली।
बाहर निकलने का रास्ता नहीं बचा: प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक आग तेजी से फैलने के कारण कई लोग इमारत के अंदर फंस गए थे। धुआं और आग बढ़ने के बाद सुरक्षित निकास मार्ग उपलब्ध नहीं रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने इमारत के सामने जमीन पर गद्दे बिछाए। इसके बाद कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए बालकनी और खिड़कियों से नीचे छलांग लगाई।
37 लोगों का किया गया रेस्क्यू: दिल्ली अग्निशमन सेवा और अन्य बचाव एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर करीब 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बचाव अभियान के दौरान बिजली आपूर्ति भी बंद कराई गई ताकि आग को और फैलने से रोका जा सके। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते बिजली कटने से राहत कार्य में मदद मिली।
लाइसेंस को लेकर उठे सवाल: जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि संबंधित होटल या रेस्टोरेंट कथित रूप से किसी अन्य लाइसेंस की आड़ में संचालित किया जा रहा था। प्रशासन अब इस पहलू की भी जांच कर रहा है। अधिकारियों ने कहा है कि ऐसे मामलों में नियमों के पालन की समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
रिहायशी इलाकों में चल रहे प्रतिष्ठानों की होगी जांच: एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि नगर निगम से जानकारी मांगी गई है कि रिहायशी क्षेत्रों में कितने होटल और रेस्टोरेंट संचालन की अनुमति के साथ चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाएगी और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी।
विधायक सतीश उपाध्याय ने जताया दुख: मालवीय नगर के विधायक सतीश उपाध्याय ने घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक तंत्र को सक्रिय किया गया और वह स्वयं भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। साथ ही आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।