दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में हरियाणा के तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। हादसा भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव कलछीना के पास हुआ, जहां पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार तीनों श्रद्धालु हरिद्वार से कांवड़ लेने जा रहे थे।
सूचना मिलने पर पुलिस और एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है।
यह खबर भी पढ़े - लखनऊ जलकल विभाग के जीएम कुलदीप पर भ्रष्टाचार के आरोप, मंडलायुक्त ने दिए जांच के आदेश
पुलिस के अनुसार हरियाणा के झज्जर निवासी 45 वर्षीय ज्ञानप्रकाश, 35 वर्षीय राजकुमार और 22 वर्षीय प्रदीप एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर हरिद्वार जा रहे थे।
बुधवार सुबह लगभग पांच बजे जब वे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गांव कलछीना के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ओवरटेक करने के दौरान उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम और भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोदीनगर के सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में तीन लोगों की मृत्यु हुई है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान और तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।