पश्चिमी दिल्ली के मोहन गार्डन स्थित सरकारी स्कूल नंबर-1 के बाहर मंगलवार को 10वीं कक्षा के एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुबह स्कूल के भीतर कुछ सहपाठियों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद कुछ छात्रों ने अपने बाहरी साथियों को स्कूल के बाहर बुला लिया। छुट्टी होने पर जैसे ही पीड़ित छात्र स्कूल से बाहर निकला, उस पर हमला कर दिया गया। इस दौरान एक हमलावर ने छात्र पर चाकू से वार कर दिया। घायल छात्र के परिजनों के अनुसार, उसके पिता सुरक्षा गार्ड हैं, जबकि मां एक कपड़ों की दुकान में काम करती हैं।
द्वारका के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस हमले में शामिल आरोपितों की पहचान और घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी हुई है।