मौत का दूसरा नाम माया: दिल्ली में कुख्यात बदमाश गिरफ्तार

24 Sep 2025


>राजधानी दिल्ली में आतंक का दूसरा नाम बने कुख्यात बदमाश सागर उर्फ़ माया को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने सरिता विहार फ्लाईओवर पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अमर कॉलोनी थाने का यह ‘बैड करैक्टर’ लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर में लूट, स्नैचिंग, हत्या के प्रयास और वसूली जैसे अपराधों को अंजाम देता रहा है। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।


>पुलिस ने सागर माया के पास से .32 बोर की सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, तीन खाली खोखे और एक एन-टॉर्क स्कूटर बरामद किया। ये सबूत उसके कई संगीन अपराधों से जुड़े होने की पुष्टि करते हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सागर माया की गिरफ्तारी एसटीएफ के लिए बड़ी उपलब्धि है। वह लंबे समय से इलाके में आतंक का माहौल बनाए हुए था। उसकी गिरफ्तारी से स्थानीय लोगों में राहत की भावना पैदा हुई है।


>सागर माया का गैंग दर्जनों सक्रिय सदस्यों वाला गिरोह है, जो अपराध जगत में खासा बदनाम रहा है। पुलिस अब उसके साथियों की तलाश में जुटी है। माना जा रहा है कि यह गिरोह अलग-अलग इलाकों में अब भी सक्रिय है और जल्द ही उन पर भी कार्रवाई होगी। दिल्ली पुलिस का कहना है कि सागर माया और उसका गैंग शूटआउट एट लोखंडवाला फिल्म के माया नामक किरदार से प्रेरित है। गैंग का लोगो ही है “मौत का दूसरा नाम माया।” यही नहीं, गैंग के कई सदस्यों ने अपने शरीर पर “मौत” का टैटू गुदवाया हुआ है, जिसे वे अपनी पहचान और खौफ का प्रतीक मानते हैं।