डिजिटल जाल में फंसी जिंदगी, बिजनौर में महिला ने की आत्महत्या

30 Apr 2026

 

 

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने साइबर अपराध और ब्लैकमेलिंग के बढ़ते खतरे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर मोहल्ले में 27 अप्रैल को एक शादीशुदा महिला ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक स्तर पर यह मामला सामान्य आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था। परिजनों ने सामाजिक दबाव के चलते बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार भी कर दिया। हालांकि, घटना में उस समय नया मोड़ आया जब महिला के मोबाइल फोन पर लगातार अलग-अलग नंबरों से कॉल आने लगे। कॉल करने वाले खुद को पुलिस अधिकारी बता रहे थे। जानकारी के अनुसार, अंतिम संस्कार के दौरान भी एक संदिग्ध कॉल प्राप्त हुई, जिससे परिजनों को शक हुआ।

 

परिजनों द्वारा घर की तलाशी लेने पर महिला की अलमारी से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इस नोट में महिला ने एक युवक द्वारा लगातार ब्लैकमेल किए जाने का उल्लेख किया है। नोट के अनुसार, महिला लंबे समय से मानसिक दबाव में थी और इसी कारण उसने यह कदम उठाया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

 

 

मामले में पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है। एसपी बिजनौर, अभिषेक कुमार के अनुसार, मोबाइल सर्विलांस और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और सुसाइड नोट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है इसके साथ ही संदिग्ध नंबरों की पहचान और लोकेशन ट्रेस की जा रही है पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।  प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि महिला साइबर अपराधियों के जाल में फंस गई थी। फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर कॉल करना और डर पैदा कर ब्लैकमेलिंग करना, ऐसे मामलों में अक्सर अपनाई जाने वाली रणनीति है।