DND फ्लाईओवर से यमुना में कूदा युवक, NDRF और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

29 Jun 2026

राजधानी दिल्ली के डीएनडी फ्लाईओवर से रविवार देर रात एक युवक के यमुना नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रात से ही यमुना में युवक की तलाश के लिए संयुक्त रेस्क्यू अभियान जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना रविवार देर रात करीब 2:30 बजे की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम तत्काल डीएनडी फ्लाईओवर पहुंची, जहां से युवक के यमुना में कूदने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची टीमों ने तुरंत खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।

यह खबर भी पढ़े - राम मंदिर चढ़ावा मामले में सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार, जानिए पूरा मामला

दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल पर युवक की स्कूटी फ्लाईओवर पर खड़ी मिली। इसके अलावा उसके कपड़े और मोबाइल फोन भी वहीं पड़े मिले। इसके बाद आशंका के आधार पर यमुना नदी में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया।

रेस्क्यू अभियान में दमकल विभाग के साथ एनडीआरएफ के प्रशिक्षित गोताखोर भी शामिल हैं, जो नदी के विभिन्न हिस्सों में युवक की तलाश कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था और अभियान लगातार जारी था।

यह खबर भी पढ़े - अचानक रुकी दिल्ली मेट्रो की वायलेट लाइन, कुछ ही मिनटों में स्टेशन पर लग गई भीड़

पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान अंकित शर्मा के रूप में हुई है। वह पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके का निवासी बताया गया है और वाहनों की खरीद-बिक्री का कारोबार करता है।

घटना की सूचना मिलने के बाद युवक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। हालांकि, परिवार की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई बयान नहीं दिया गया है। पुलिस भी घटना के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं कर रही है।