DSP म्यूचुअल फंड ने लॉन्च किए निफ्टी 500 इंडेक्स फंड और निफ्टी नेक्स्ट 50 ETF

19 Dec 2025


>DSP म्यूचुअल फंड ने गुरुवार को अपने पैसिव निवेश पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए दो नई योजनाओं DSP निफ्टी 500 इंडेक्स फंड और DSP निफ्टी नेक्स्ट 50 ETF के लॉन्च की घोषणा की। इन योजनाओं का उद्देश्य निवेशकों को कम लागत और पारदर्शी तरीके से भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में निवेश का अवसर प्रदान करना है।


>DSP निफ्टी 500 इंडेक्स फंड एक ओपन-एंडेड इंडेक्स फंड है, जो निफ्टी 500 इंडेक्स को ट्रैक करेगा। यह इंडेक्स देश की शीर्ष 500 सूचीबद्ध कंपनियों को कवर करता है, जो कुल सूचीबद्ध बाजार पूंजीकरण के 90 प्रतिशत से अधिक का प्रतिनिधित्व करती हैं। इसमें लार्ज, मिड और स्मॉल कैप कंपनियों का समावेश है, जिससे बाजार चक्र के अनुसार स्वतः संतुलन बनता है।


>वहीं, DSP निफ्टी नेक्स्ट 50 ETF निफ्टी 100 में 51 से 100वें स्थान की कंपनियों को ट्रैक करेगा। यह सेगमेंट उभरती बड़ी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है और दीर्घकालिक निवेश के लिए अलग सेक्टोरल एक्सपोजर प्रदान करता है। DSP म्यूचुअल फंड में पैसिव इन्वेस्टमेंट्स के प्रमुख अनिल घेलानी ने कहा, निफ्टी 500 व्यापक बाजार एक्सपोजर देता है, जबकि निफ्टी नेक्स्ट 50 संक्रमण और विकास के चरण में मौजूद कंपनियों तक पहुंच प्रदान करता है। दोनों योजनाओं का न्यू फंड ऑफर 19 दिसंबर 2025 से खुलेगा और 30 दिसंबर 2025 को बंद होगा।