नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के निरीक्षण के बाद जौनपुर जिले के मड़ियाहूं विद्युत उपकेंद्र पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। निरीक्षण के दौरान जेई के अनुपस्थित पाए जाने और कार्यालय में अनियमितताएं मिलने पर तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई।
ऊर्जा मंत्री के निर्देश के बाद अधीक्षण अभियंता अनिल पाठक ने अवर अभियंता शहजाद अली को निलंबित कर दिया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित उपखंड अधिकारी सौरभ तिवारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री ने पाया कि कई अभिलेख और लॉगशीट निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भरे नहीं गए थे और जिम्मेदार अधिकारी मौके पर उपस्थित नहीं थे। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विद्युत विभाग जनसेवा से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विभाग है और इसमें लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जाए। उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्रीय अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट किया कि विद्युत व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।