यूपी के इस शहर का बदलेगा नाम, CM योगी ने कार्यक्रम में की घोषणा

27 Nov 2025

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजियाबाद में भगवान पार्श्वनाथ की प्रतिमा स्थापना और मंदिर उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान घोषणा की कि फाजिल नगर का नाम बदलकर ‘पावा नगरी’ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह स्थान जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के महापरिनिर्वाण से जुड़ा हुआ है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान महावीर का जन्म भले ही वैशाली में हुआ, लेकिन उनका महापरिनिर्वाण उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पावागढ़ में हुआ था। उन्होंने बताया कि सरकार इस ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को चिह्नित करने के तहत फाजिल नगर का नाम परिवर्तन की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैन परंपरा से गहराई से जुड़ा प्रदेश है, जहां प्रथम तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव सहित अयोध्या और काशी में कई जैन तीर्थंकरों का जन्म हुआ। मुख्यमंत्री ने श्रावस्ती में भगवान संभवनाथ के जन्मस्थल का भी उल्लेख किया।

सीएम योगी ने कहा, हमारी सरकार ने फाजिल नगर का नाम ‘पावा नगरी’ करने की कार्रवाई आगे बढ़ाई है, क्योंकि यही वह स्थान है जहां भगवान महावीर ने महापरिनिर्वाण प्राप्त किया था। उन्होंने आगे कहा, भारत की परंपरा ऋषियों, संतों और महापुरुषों के त्याग की महागाथा है, जिसने विश्व मानवता को सदैव दिशा दी है।