उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में गैस किल्लत की खबरों के बीच फर्रुखाबाद से एक दुखद घटना सामने आई है। कोतवाली क्षेत्र में भारत गैस एजेंसी के बाहर सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े 75 वर्षीय बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार लाल सराय पानी की टंकी के पास स्थित भारत गैस एजेंसी पर शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे मुख्तार अंसारी सिलेंडर लेने पहुंचे थे। वे पहले से गैस बुक करा चुके थे और एजेंसी के बाहर लगी कतार में खड़े थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत सीपीआर और हार्ट पंप देकर उन्हें संभालने का प्रयास किया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार मुख्तार अंसारी पहले से ही स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। घर में गैस खत्म होने के कारण वे खुद सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगने पहुंचे थे। परिवार का कहना है कि पहले इस तरह की स्थिति नहीं थी, लेकिन हाल के दिनों में गैस बुकिंग के बाद भी कई बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गैस आपूर्ति की व्यवस्था सुधारने की मांग की है। इसी तरह की एक घटना हाल ही में पंजाब के बरनाला में भी सामने आई थी, जहां गैस एजेंसी की लाइन में लगे 66 वर्षीय व्यक्ति की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। स्थानीय स्तर पर गैस आपूर्ति की स्थिति को लेकर लोगों में चिंता और नाराजगी की स्थिति बनी हुई है।