फतेहपुर जिले में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी से जुड़े मारपीट प्रकरण में नया मोड़ सामने आया है। गवाह इमरान से मारपीट और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने समाजवादी पार्टी के नेता हाजी रजा समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार इमरान की तहरीर पर सदर कोतवाली में सपा नेता हाजी रजा, सद्दू स्टोरी, नबील, राहत, मोहम्मद रिजवान उर्फ सानू, मोहम्मद अकीब, शादमान और असगर अली सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 109, 309(4), 351(4) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस प्रकरण को लेकर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी फैजान रिजवी ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि वर्ष 2021 में भी सपा नेता हाजी रजा पर उनके साथ मारपीट और जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ था। उन्होंने कहा कि उस मामले में आपराधिक इतिहास सामने आने के बाद आरोपी को जिला बदर भी किया गया था।
फैजान रिजवी का आरोप है कि हाल में उनके सहयोगियों के साथ मारपीट की गई और फोन पर धमकियां भी दी गईं। उन्होंने कहा कि इस मामले से जुड़ा वीडियो भी उनके पास मौजूद है। सदर कोतवाली पुलिस के अनुसार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।