कैंसर से जूझ रही पत्नी, डिप्रेशन और मुकदमे का तनाव; फिरोजाबाद में दंपती की मौत

14 Jun 2026

 

फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित सुभाष चौराहा इलाके में शनिवार रात एक दंपती की मौत का मामला सामने आया। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश पुलिस से सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर राकेश यादव की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उनकी पत्नी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक पूर्व कांग्रेसी विधायक स्वर्गीय जगदीश सिंह यादव के पुत्र थे।

 

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब नौ बजे सुभाष चौराहा स्थित आवास से लगातार दो गोलियों की आवाज सुनाई दी। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो राकेश यादव और उनकी पत्नी घायल अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

 

सूचना मिलने पर शिकोहाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को संयुक्त चिकित्सालय भिजवाया। चिकित्सकों ने राकेश यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई।

 

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज चौधरी के अनुसार, 60 वर्षीय राकेश यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके पिता स्वर्गीय जगदीश सिंह यादव वर्ष 1980 में शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक रहे थे। सेवानिवृत्ति के बाद राकेश यादव वकालत कर रहे थे।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राकेश यादव पिछले कुछ समय से अवसाद से गुजर रहे थे। उनकी पत्नी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं। इसके अलावा उन पर एक कानूनी मामला भी चल रहा था, जिसे लेकर वे तनाव में बताए जा रहे थे।

 

घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।