>हरियाणा में हाल ही में दो बास्केटबॉल खिलाड़ियों की मौत के बाद राज्य खेल विभाग ने जांच और उपकरणों की समीक्षा के निर्देश दिए हैं। इस घटना पर पहलवान गीता फोगाट ने दुख व्यक्त करते हुए खेल सुविधाओं के रखरखाव पर जोर दिया है।
>राज्य में खिलाड़ियों की मौत के बाद खेल मंत्री और विभाग द्वारा सभी जिलों को पुराने या खराब उपकरणों की पहचान कर उन्हें तुरंत बदलने और नियमित निगरानी बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस बीच, गीता फोगाट ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
>उन्होंने कहा, बचपन में सुनते थे कि किसी का जवान बेटा चला जाता है तो उनसे ज्यादा तकलीफ किसी को नहीं होती। यह बात आज जब मेरा खुद का बेटा है, तो मैं समझ सकती हूं कि जिसका बेटा गया है, उस पर क्या बीत रही होगी। इस घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, काश बास्केटबॉल के नेट को देख लिया होता, तो यह हादसा टल सकता था।
>खेल सुविधाओं पर बोलते हुए फोगाट ने कहा कि नई बिल्डिंगों के निर्माण पर जोर दिया जाता है, जबकि पुराने स्टेडियमों की देखरेख उतनी प्राथमिकता नहीं पाती। उन्होंने सभी खेल मैदानों चाहे बास्केटबॉल, हैंडबॉल या पहलवानी की नियमित मरम्मत और निरीक्षण की आवश्यकता पर बल दिया ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।