उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की दो घटनाओं से हड़कंप मच गया। पहली घटना बुधवार तड़के नई बस अड्डा रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक वाहन वर्कशॉप में हुई, जहां भीषण आग लगने से तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं दूसरी घटना शाहिबाबाद क्षेत्र की एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में सामने आई, जहां आग लगने के बाद करीब 12 लोग इमारत में फंस गए थे। दमकल विभाग की टीम ने सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दमकल विभाग के अनुसार बुधवार सुबह नई बस अड्डा रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास स्थित ‘न्यू ऑटो लाइफ मोटर्स’ वर्कशॉप में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग पर लगभग आधे घंटे में काबू पा लिया गया।
गाजियाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे विभाग को मेरठ रोड स्थित वर्कशॉप में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर दो वाहन पूरी तरह जल चुके थे। इस घटना में कुल तीन वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
वहीं दूसरी घटना सोमवार शाम शाहिबाबाद इलाके के दिशा अपार्टमेंट में हुई। दमकल विभाग के मुताबिक शाम करीब साढ़े सात बजे शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र स्थित बहुमंजिला इमारत के चौथे तल पर आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। आग फैलने का खतरा तीसरी मंजिल तक बना हुआ था।
दमकल अधिकारियों के अनुसार आग लगने के बाद बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया। इमारत में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षा के मद्देनजर छत पर पहुंचाया गया। चार दमकल गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 12 लोग फ्लैट के अंदर फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।